कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से हासिल कर सकते हैं लक्ष्य : डॉ. पंकज हरि

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे के सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोरखपुर में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने और उनमें सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से 12 नवंबर 2026 को मोटिवेशनल स्पीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एम्स, नई दिल्ली के बाल रोग विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज हरि रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पंकज हरि ने विद्यार्थियों को अपने विद्यालयी जीवन के अनुभवों से प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, दृढ़ निश्चय और मजबूत संकल्प के बल पर विद्यार्थी जीवन में निर्धारित लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। सफलता के लिए निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं। विद्यार्थियों को चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका साहस के साथ सामना करना चाहिए।

उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने और जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सीख दी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न प्रश्न भी पूछे और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। छात्रों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अतिथि के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।कार्यक्रम का संचालन श्री शम्भू नाथ शुक्ला ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के पुरातन छात्र, छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना रहा।

Related Articles

Back to top button