
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : लोक संस्कृति, कला, साहित्य और पारंपरिक विरासत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को प्रयागराज के महर्षि भारद्वाज आश्रम एवं श्रृंगवेरपुर धाम में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। दोनों धार्मिक स्थलों के साथ आसपास के अन्य घाटों पर भी दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव मनाया गया।
संस्कृति विभाग की ओर से श्रृंगवेरपुर धाम में रामचरित मानस पर आधारित चित्र पांडुलिपि प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं, लोक कलाकारों ने दोनों स्थलों पर रामकथा आधारित रामायण का मंचन कर दर्शकों को भावविभोर किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

वर्चुअल संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आयोजन की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव कार्यक्रम प्रतिवर्ष और अधिक भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। प्रयागराज की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों को प्रयागराज के साथ श्रृंगवेरपुर धाम और महर्षि भारद्वाज आश्रम के दर्शन के लिए भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने दोनों धार्मिक स्थलों पर दीप स्तंभ स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही महर्षि भारद्वाज आश्रम में भी रामायण मेला आयोजित करने और रामलीला मंचन शुरू कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और रामायण के आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
