
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : त्योहारी सीजन-2026 में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने श्रीनगर और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 04690/04689 का संचालन 5 और 6 नवंबर को किया जाएगा। इससे कश्मीर घाटी और कटड़ा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04690 श्रीनगर-कटड़ा अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस दोनों निर्धारित तिथियों को सुबह 11:45 बजे श्रीनगर से रवाना होगी। यह दोपहर 12:55 बजे अनंतनाग और 1:30 बजे बनिहाल पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04689 कटड़ा-श्रीनगर अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 5 और 6 नवंबर को शाम 4 बजे कटड़ा से प्रस्थान करेगी। यह शाम 6:25 बजे बनिहाल और 7 बजे अनंतनाग पहुंचेगी। ट्रेन रात 7:45 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर कश्मीर घाटी और कटड़ा के बीच यात्रियों तथा श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि होती है। यात्रियों को आरामदायक और सुगम सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इससे अंतिम समय में यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित श्रेणी की होगी। यात्रियों को सफर से पहले अनारक्षित टिकट लेना अनिवार्य होगा। अधिक जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139, एनटीईएस ऐप और रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है।