
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम को सफल बताते हुए कहा कि इसमें विभिन्न राज्यों से राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और किसानों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। उन्होंने इसे लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता का प्रतीक बताया।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि विपक्षी दलों की एकजुटता देखकर भारतीय जनता पार्टी घबरा गई है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा। जनता अब अपने मताधिकार और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जनता में असंतोष बढ़ रहा है और सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। यह संघर्ष किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा से जुड़ा है।
सुनील सिंह ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों, किसानों और कार्यकर्ताओं की एक मंच पर मौजूदगी विपक्षी एकता को मजबूती प्रदान करती है। उन्होंने दावा किया कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए चल रहे इस संघर्ष में जनता की भागीदारी लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।

