रेल जनसंवाद के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया जा रहा जागरूक

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली ; स्वच्छ एवं सुंदर रेलवे परिसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय रेल में संचालित विशेष अभियान 6.0 के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रेल जनसंवाद के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान में रेलवे के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी है।

अभियान के अंतर्गत रेल जनसंवाद कार्यक्रमों के दौरान पर्यवेक्षकों ने यात्रियों को गीले, सूखे, सैनिटरी और अन्य विशेष प्रकार के कचरे के लिए निर्धारित चार श्रेणियों के डस्टबिन के उचित उपयोग की जानकारी दी। यात्रियों को बताया गया कि कचरे को उसकी प्रकृति के अनुसार अलग-अलग डस्टबिन में डालना आवश्यक है। इससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण में सहायता मिलती है और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में मदद मिलती है।

स्वच्छता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने, कचरे का सही तरीके से निस्तारण करने और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों की सहभागिता से स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें और कचरे का उचित पृथक्करण सुनिश्चित करें। यात्रियों के सहयोग से ही रेलवे परिसर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर बनाया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button