
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : विश्व पर्यावास दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के सफल व पारदर्शी क्रियान्वयन में राष्ट्रीय पटल पर एक बार फिर इतिहास रच दिया है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश को दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है।
सर्वाधिक आवास पूर्ण करने में उत्तर प्रदेश रहा देश में नंबर-
उत्तर प्रदेश को लाभार्थी आधारित आवास निर्माण (BLC) घटक के तहत स्वीकृत मकानों के सापेक्ष पूरे देश में सर्वाधिक आवास पूर्ण करने के लिए प्रथम पुरस्कार दिया गया है। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के सापेक्ष सर्वाधिक प्रतिशत मकानों की ग्राउंडिंग (जमीनी शुरुआत) सुनिश्चित करने के लिए तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ये दोनों प्रतिष्ठित पुरस्कार केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा प्रदान किए गए।
ए.के. शर्मा ने अधिकारियों व सूडा (SUDA) की टीम को दी बधाई
इस ऐतिहासिक विधिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना शहरी गरीबों के जीवन में सामाजिक सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित कर रही है।

नई दिल्ली में आयोजित इस गरिमापूर्ण मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश की ओर से राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के निदेशक महेन्द्र बहादुर सिंह ने दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए। इस दौरान केंद्र सरकार के शहरी विकास सचिव सत्येंद्र सिंह, श्रीमती डी. तारा तथा संयुक्त सचिव कुमार रविकान्त सिंह मुस्तैदी से उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में सूडा के वित्त नियंत्रक रजनीकान्त वर्मा और कार्यक्रम अधिकारी अतुल सिंह चौहान भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।