
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रक्षा लेखा विभाग का 279वाँ स्थापना दिवस समारोह क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, लखनऊ के रामायण प्रेक्षागृह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ! भारत सरकार के सबसे प्राचीन विभागों में से एक तथा रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत इस विभाग की गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में विभिन्न खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इससे पूर्व, सप्ताह भर चले विशेष कार्यक्रमों के तहत ‘स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी’ अभियान, ‘आयुर्वेद दिवस’ पर सेमिनार तथा एक वृहद् ‘रक्तदान शिविर’ का भी सफल आयोजन हुआ, जिसमें कर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
‘रक्षा लेखा भारती’ के 18वें संस्करण का हुआ विमोचन
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में विभाग की प्रतिष्ठित हिंदी पत्रिका ‘रक्षा लेखा भारती’ के 18वें संस्करण का भव्य विमोचन किया गया। इसके साथ ही, कर्मचारियों की सुविधा हेतु कार्यालय के नवीनीकृत जलपान गृह (कैंटीन) का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक संजय कुमार चौधरी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विभाग की टीम भावना और कार्य के प्रति समर्पण की सराहना की तथा प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
वरिष्ठ अधिकारियों और आईडीएएस (IDAS) कैडर की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक स्थापना दिवस समारोह में भारतीय रक्षा लेखा सेवा के भूतपूर्व वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभाग के कई शीर्ष नीति निर्माता और अधिकारी मुस्तैदी से उपस्थित रहे। इनमें एकीकृत वित्तीय सलाहकार मयंक बिष्ट, अपर नियंत्रक पुस्कराज भारती, अपर नियंत्रक चन्द्र प्रकाश तथा संयुक्त एकीकृत वित्तीय सलाहकार हिमांशू त्रिपाठी शामिल रहे। इनके अतिरिक्त उप-नियंत्रक के. हरीप्रीति, सहायक नियंत्रक स्वर्णिम, सहायक नियंत्रक अजय कुमार अग्रवाल, सहायक नियंत्रक कर्ण सिंह, सहायक नियंत्रक संजय टिग्गा तथा सहायक नियंत्रक एस के गुप्ता सहित विभाग के सभी वर्गों के कार्मिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।