मंत्री असीम अरुण की पहल; सर्वाेदय विद्यालयों में एनसीसी से निखर रहा 344 कैडेट्स का व्यक्तित्व, इटावा के कंधनी में नई यूनिट

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वाेदय विद्यालयों में उच्च स्तरीय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को एक नई दिशा मिल रही है। समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि सूबे के इन विद्यालयों में वर्तमान में 344 छात्र-छात्राएं एनसीसी (NCC) प्रशिक्षण से जुड़कर अनुशासन और राष्ट्रसेवा का पाठ सीख रहे हैं। इसी क्रम में इटावा के जय प्रकाश नारायण सर्वाेदय विद्यालय, कंधनी में 80 सीटों की नई एनसीसी जूनियर डिवीजन यूनिट आवंटित की गई है।

विभिन्न जनपदों के विद्यालयों में कैडेट्स की स्थिति
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जनपदों में संचालित एनसीसी यूनिट्स में विद्यार्थियों की सहभागिता बेहद उत्साहजनक है। वर्तमान सत्र में बस्तौरा, रसड़ा (बलिया) में 50 विद्यार्थियों का एनसीसी के लिए चयन हुआ है, जिनमें से 44 कैडेट 10 दिवसीय विशेष कैंप प्रशिक्षण का हिस्सा बने हैं। इसके अलावा नगला हीरालाल (इटावा) में 50, भोजीपुरा (बरेली) में 100, परसिया (मिर्जापुर) में 66 छात्र तथा सर्वाेदय बालिका विद्यालय मड़िहान (मिर्जापुर) में 34 छात्राएं एनसीसी की कमान संभाल रही हैं। कंधनी विद्यालय की नई 80 सीटों पर भी एनसीसी के तय मानकों के अनुसार प्रशिक्षण प्रक्रिया जल्द ही आगे बढ़ाई जाएगी।

युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास
एनसीसी प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित परेड, शारीरिक ड्रिल, सामाजिक सेवा और साहसिक (Adventure) गतिविधियों में भाग लेने का सुनहरा अवसर मिलता है। इससे उनके भीतर आत्मविश्वास, टीम भावना (Teamwork) और जिम्मेदारी का भाव जागृत होता है, जो भविष्य के रोजगार और उच्च शिक्षा के अवसरों में भी विधिक नियमों के तहत अत्यधिक उपयोगी साबित होगा। राज्य मंत्री असीम अरुण ने स्पष्ट किया कि एनसीसी यूनिटों का यह विस्तार ग्रामीण पृष्ठभूमि के होनहार बच्चों को मुख्यधारा से जोड़कर देश सेवा के लिए तैयार करने का एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम है।

Related Articles

Back to top button