जम्मू मंडल के रेलकर्मियों की बड़ी ईमानदारी; सेना के जवान का खोया हुआ पर्स और दस्तावेज़ सकुशल लौटाए

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू: जम्मू मंडल में रेल कर्मियों की उच्च कर्तव्यनिष्ठा, सजगता और ईमानदारी की एक बेहद सराहनीय मिसाल सामने आई है। मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 22401 (दिल्ली सराय रोहिल्ला – शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर ए.सी. सुपरफास्ट एक्सप्रेस) में ड्यूटी के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ राम बक्स पाल को कोच संख्या B-7 की सीट संख्या 42 पर एक लावारिस पर्स मिला।

एचएचटी तकनीक की मदद से फौजी भाई का मिला सुराग
टिकट चेकिंग स्टाफ ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी। आरपीएफ के उप-निरीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति में जब पर्स की गहन जांच की गई, तो उसमें एक भारतीय सेना के जवान का आई-कार्ड (Army ID Card), स्मार्ट कैंटीन कार्ड, आधार कार्ड, 05 एटीएम (ATM) कार्ड, 02 अन्य महत्वपूर्ण पहचान पत्र और एक मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ। इसके बाद, आधुनिक हैंड हेल्ड टर्मिनल (HHT) तकनीक और पीएनआर (PNR) नंबर के माध्यम से यात्री का पूरा विवरण खंगाला गया और दिए गए नंबर पर संपर्क साधा गया।

सुरक्षित सामान पाकर फौजी ने जताया आभार
पर्स के वास्तविक मालिक और सेना के जवान आर. आर. शर्मा ने फोन पर बताया कि उधमपुर स्टेशन पर जल्दबाजी में उतरते समय वह अपना कीमती पर्स सीट पर ही भूल गए थे। इसके बाद, आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ की मौजूदगी में औपचारिकताएं व आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई पूर्ण कर फौजी जवान को उनका पर्स व सभी दस्तावेज सकुशल वापस सौंप दिए गए।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Senior DCM), जम्मू ने रेलकर्मियों की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा, “भारतीय रेलवे के कर्मचारी न केवल अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के लिए भी सदैव तत्पर रहते हैं।” अपना महत्वपूर्ण सामान वापस पाकर सेना के जवान ने भी रेल प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button