
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : माय भारत केंद्र (रीवा) द्वारा दीनदयाल शोध संस्थान उद्यमिता विद्यापीठ, चित्रकूट में आयोजित छह दिवसीय ‘माय भारत राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना व अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया।

इस गरिमापूर्ण समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (जबलपुर) के पूर्व कुलगुरु प्रो. कपिल देव मिश्रा तथा महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रो. भरत मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के नोडल एवं जिला युवा अधिकारी कुलदीप सिंह ने छह दिवसीय प्रशिक्षण का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि मंच संचालन एम.पी. द्विवेदी (ए.पी.एस.) द्वारा किया गया।

इस प्रशिक्षण शिविर में रीवा, सतना, सीधी, पन्ना, मऊगंज एवं सिंगरौली जिलों से आए राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने भाग लिया। समापन के अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए विशेष समाचार पत्र ‘अंत्योदय युवा दर्पण’ का वाचन किया गया, जिसे सभी ने खूब सराहा। उद्यमिता विद्यापीठ के संयोजक मनोज सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में सभी स्वयंसेवकों को आधिकारिक प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सैनी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि एक सच्चे स्वयंसेवक का ध्येय समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास व जागरूकता पहुँचाना होना चाहिए।