
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू रेल मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट (BDU) के निरंतर प्रयासों से माल लदान (फ्रेट लोडिंग) के क्षेत्र में एक और नया मील का पत्थर स्थापित हुआ है। उधमपुर स्थित उमा सीमेंट (ब्रिज सीमेंट) और कठुआ स्थित गणपति सीमेंट के बाद अब कठुआ की प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई रतन ऑयल मिल्स (यूरोबिक बिस्किट निर्माता) ने भी अपने उत्पादों के सुरक्षित परिवहन के लिए भारतीय रेल पर भरोसा जताया है।
कंपनी द्वारा एक बीसीएन (BCN) वैगन का इंडेंट पंजीकृत कराया गया है, जिसकी लोडिंग 30 सितंबर 2026 को शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ स्टेशन से अनंतनाग गुड्स शेड के लिए की जाएगी। जम्मू मंडल के फ्रेट बास्केट में बिस्किट जैसी नई कमोडिटी का जुड़ना राजस्व वृद्धि और विविधीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। बीडीयू टीम की गहन मार्केटिंग के चलते पिछले 10 दिनों में लगभग 22 से अधिक खाद्यान्न वैगनों की सफल लोडिंग की गई है, जिसमें अनंतनाग से कठुआ और चन्न अरोरियां के लिए की गई खाद्यान्न पार्सल लोडिंग भी शामिल है। इससे स्थानीय उत्पादों को कश्मीर घाटी तक सस्ते, सुरक्षित और तीव्र माध्यम से पहुँचाना संभव हो रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू मंडल का मुख्य लक्ष्य स्थानीय उद्योगों को किफायती और भरोसेमंद विकल्प उपलब्ध कराना है। रतन ऑयल मिल्स का रेल नेटवर्क से जुड़ना यह साबित करता है कि व्यापारिक समुदाय अब सड़क मार्ग के बजाय रेलवे को प्राथमिकता दे रहा है। जन संपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मंडल भविष्य में भी व्यापारिक समुदाय के साथ बेहतर समन्वय बनाकर माल लदान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
