
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती की पूर्व संध्या पर सूचना निदेशालय (लखनऊ) में राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन संगठन के तत्वावधान में एक गरिमामयी विचार गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ पंडित जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे विकास का लाभ
समारोह के मुख्य अतिथि सूचना निदेशक विशाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्र सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ का दर्शन देकर भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में अंत्योदय के इसी मंत्र को साकार किया जा रहा है। उन्होंने सूचना विभाग के अधिकारियों से सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को पूरी निष्ठा से जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्रा ने कहा कि पंडित जी का दर्शन आज भी प्रशासनिक व्यवस्था के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को सम्मानित किया गया।

इससे पूर्व संगठन पदाधिकारियों द्वारा सूचना निदेशक तथा अपर सूचना निदेशक को बुके एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इस विमर्श सत्र में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चंद्र भारती, चंद्र मोहन, डॉ० जितेंद्र प्रताप सिंह, प्रभात श्रीवास्तव और अमित कुमार यादव, प्रमोद कुमार सहित सूचना निदेशालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।