
अशोक यादव, लखनऊ/ रूड़की : भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती होने के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई)-2027 उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के चयन की अगली प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। पूरे उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के लिए अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी की भर्ती रैली का आयोजन 5 अक्टूबर 2026 से रुड़की में किया जाएगा। रैली में अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
रैली स्थल पर पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों की अनिवार्य पहचान जांच के साथ फिजिकल एवं डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन सत्यापन के लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर अपने साथ लाना होगा। इसके अतिरिक्त एडमिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पुलिस कैरेक्टर सर्टिफिकेट, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, स्कूल एवं चरित्र प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
तिथि के अनुसार भर्ती रैली का कार्यक्रम
भर्ती रैली में विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। 5 अक्टूबर को बरेली सहित कई जिलों, 6 अक्टूबर को अयोध्या क्षेत्र के जिलों, 7 अक्टूबर को मेरठ क्षेत्र के जिलों तथा 8 अक्टूबर को मेरठ एवं आगरा क्षेत्र के विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों की प्रक्रिया निर्धारित है।
इसी क्रम में 9 अक्टूबर को आगरा क्षेत्र के अंतर्गत मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा सहित अन्य जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 10 अक्टूबर को लखनऊ मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले जिलों की भर्ती प्रक्रिया होगी, जबकि 11 अक्टूबर को उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों के लिए रैली आयोजित की जाएगी। 12 अक्टूबर को वाराणसी क्षेत्र के जिलों के अभ्यर्थियों की प्रक्रिया निर्धारित है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे रैली में सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन फोटोकॉपी के सेट लेकर पहुंचें। रैली स्थल पर आवश्यक शपथ-पत्र तैयार किए जाएंगे।