
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मेरठ : भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम’ (SKAT) ने मेरठ के इतिहास में पहली बार अपने हैरतअंगेज हवाई प्रदर्शन से आसमान में रोमांच भर दिया. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 19 और 20 सितंबर 2026 को आयोजित इस दो दिवसीय एयर शो को देखने के लिए छात्रों और एनसीसी (NCC) कैडेटों सहित 1 लाख से अधिक दर्शकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. खास बात यह रही कि इस टीम के दो पायलटों सहित तीन सदस्य मेरठ के ही रहने वाले हैं.

शो के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने हॉक (Hawk Mk132) विमानों के इस प्रदर्शन को अनुशासन, सटीकता और टीम वर्क का अद्भुत संगम बताया. वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स (X) पर पोस्ट कर हॉक जेट्स द्वारा आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरने और पायलटों के अदम्य साहस की जमकर सराहना की.

इस एयर शो में नौ विमानों ने पांच मीटर से भी कम की दूरी पर उड़ते हुए बैरल रोल, इनवर्टेड फ्लाइंग और प्रसिद्ध ‘डीएनए (DNA) फॉर्मेशन’ जैसे बेहद जटिल करतब दिखाए. विमानों में लगे विशेष स्मोक पॉड्स को वायुसेना के नासिक डिपो में स्वदेशी तकनीक से विकसित किया गया है, जिससे आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग की आकृतियां बनाई गईं. एशिया की एकमात्र 9-विमानों वाली यह एरोबैटिक टीम 30 वर्षों में 800 से अधिक शो कर युवाओं को वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित कर रही है.
