
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भारत और श्रीलंका के बीच वैज्ञानिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए श्रीलंका के कैंडी स्थित राष्ट्रीय मौलिक अध्ययन संस्थान (NIFS) के निदेशक प्रो. डगलस सिरिल अभयविक्रम विजेसुंदरा ने सीएसआईआर–राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (CSIR-NBRI) का दौरा किया [18-09-2026]। इस दौरान वनस्पति एवं पादप विज्ञान के क्षेत्र में भविष्य के सहयोगात्मक अनुसंधान पर सार्थक संवाद हुआ।
संस्थान के ग्लैडियोलस कॉन्फ्रेंस रूम में वैज्ञानिकों और क्षेत्र समन्वयकों के साथ आयोजित संवादात्मक सत्र में दोनों देशों के बीच अनुसंधान अनुभवों के आदान-प्रदान पर चर्चा हुई। CSIR-NBRI के निदेशक डॉ. ज़बीर अहमद ने बताया कि यह दौरा दोनों संस्थानों के बीच वैज्ञानिक ज्ञान के आदान-प्रदान, अनुसंधान सुविधाओं के साझा उपयोग, पादप जैवप्रौद्योगिकी, जैव-विविधता और संरक्षण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की मजबूत आधारशिला बनेगा।

दौरे के दौरान प्रो. विजेसुंदरा ने एनबीआरआई की विभिन्न अत्याधुनिक अनुसंधान सुविधाओं को देखा। उन्होंने संस्थान के हरबेरियम, वनस्पति उद्यान, कैक्टस हाउस, बोनसाई हाउस, स्वस्तिक कमल उद्यान और हेरिटेज बरगद वृक्ष का भ्रमण किया। उन्होंने वैज्ञानिकों द्वारा पौधों के संरक्षण व प्रवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर वैज्ञानिक-जी डॉ. समीर सावंत सहित कई वरिष्ठ शोधकर्ता उपस्थित रहे।