जम्मू मंडल में पहली बार सीमेंट ट्रैफिक का आगाज

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू मंडल ने माल यातायात के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार सीमेंट की रेल ढुलाई शुरू करने की पहल की है। मंडल के बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ रेलवे स्टेशन से अनंतनाग रेलवे स्टेशन तक सीमेंट परिवहन के लिए एक बीसीएन रेक का इंडेंट लगाया गया है। इसकी लोडिंग 14 सितंबर से प्रस्तावित है।

यह पहली बार होगा जब जम्मू मंडल के एक स्टेशन से उसी मंडल के दूसरे स्टेशन तक सीमेंट की खेप रेल मार्ग से पहुंचाई जाएगी। इसे मंडल के लिए नया ट्रैफिक और नया ओरिजिन-डेस्टिनेशन (ओ-डी) पेयर माना जा रहा है।

जम्मू मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा उद्योग जगत से लगातार संपर्क किया जा रहा था। इसी क्रम में गणपति सीमेंट, कठुआ के अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें हुईं, जिसके बाद कंपनी को अपने उत्पाद को रेलवे के माध्यम से कश्मीर घाटी भेजने के लिए तैयार किया गया।

प्रस्तावित रेक में सीमेंट बैग की ढुलाई की जाएगी। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि कश्मीर घाटी में बाजार की मांग के अनुरूप भविष्य में इस रेल यातायात को नियमित रूप से और अधिक मात्रा में जारी रखा जाएगा।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यह मंडल के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि सीमेंट जैसे नए माल यातायात को रेलवे से जोड़ना फ्रेट मार्केटिंग टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। रेलवे को व्यापारियों के लिए किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन विकल्प बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि कठुआ से अनंतनाग तक शुरू होने वाला यह नया ओ-डी पेयर भविष्य में कश्मीर घाटी में निर्माण सामग्री की आपूर्ति की महत्वपूर्ण कड़ी बन सकता है। यह पहल पीएम गतिशक्ति और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में भी अहम कदम है।

Related Articles

Back to top button