
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : स्टार प्लस ने अपने आगामी शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का जोशीला कव्वाली म्यूजिक वीडियो जारी कर दिया है। वीकेंड पर टीज़र के जरिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के बाद रिलीज़ हुए इस एंथम में अनिल कपूर एक बेहद एनर्जेटिक और अलग अंदाज़ में नजर आ रहे हैं। शो का निर्माण बनिजय एशिया ने किया है।
अपने इस नए अनुभव को लेकर अनिल कपूर ने कहा कि ‘इंडिया के टॉप 1%’ हर इंसान के अलग सोचने के तरीके का जश्न मनाता है। उनके मुताबिक, कव्वाली एंथम शो की जीवंतता, ऊर्जा और मनोरंजन को बखूबी दर्शाता है। इसकी तेज-तर्रार प्रस्तुति दर्शकों को उस रोमांच की झलक देती है, जब 100 कंटेस्टेंट एक भव्य मंच पर अपनी रोज़मर्रा की सोच और समझ को परखते दिखाई देंगे।
अनिल कपूर ने यह भी बताया कि पहली बार कव्वाली परफॉर्म करना उनके लिए नया और रोमांचक अनुभव था। वह चाहते थे कि उनकी प्रस्तुति शो की खास पहचान और ऊर्जा के अनुरूप हो। इस काम में कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने उनका साथ दिया और अपनी सिग्नेचर स्टाइल से परफॉर्मेंस में खास रंग भर दिया।
इस म्यूजिकल सहयोग के जरिए स्टार प्लस ने शो के विचार ‘बात खटकी तो जीत पक्की’ को भी नए और मनोरंजक अंदाज़ में पेश किया है। एंथम की जोशीली प्रस्तुति शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ाती है।
‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण 19 सितंबर से रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।