स्वच्छ वायु सर्वेक्षण – 2026 में लखनऊ देश में अव्वल, इंदौर को पीछे छोड़ लखनऊ ने रचा इतिहास, यूपी के 16 शहरों को जगह

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / नई दिल्ली : स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वच्छ हवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। राजधानी लखनऊ ने पहली बार इंदौर को पीछे छोड़ते हुए देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं प्रदेश के कुल 16 शहरों ने विभिन्न श्रेणियों में स्थान बनाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। वार्ड स्तर पर भी लखनऊ के वार्ड-70 ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित क्षेत्र के विस्तार, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई तथा वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।

दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में लखनऊ प्रथम, आगरा चौथे, गाजियाबाद नौवें, कानपुर 11वें, प्रयागराज 13वें और मेरठ 22वें स्थान पर रहे। तीन से दस लाख आबादी वाली श्रेणी में फिरोजाबाद ने दूसरा, झांसी पांचवां, मुरादाबाद और नोएडा ने आठवां, गोरखपुर 22वां तथा बरेली ने 26वां स्थान हासिल किया। तीन लाख से कम आबादी वाली श्रेणी में रायबरेली 17वें, अनपरा 29वें, खुर्जा 30वें और गजरौला 31वें स्थान पर रहे।

वार्ड स्तर की रैंकिंग में लखनऊ के वार्ड-70 ने देश में पहला और प्रयागराज के वार्ड-31 ने तीसरा स्थान हासिल किया। इससे नगरीय व्यवस्थाओं को वार्ड स्तर तक मजबूत किए जाने की तस्वीर सामने आई है।

मंत्री ए.के. शर्मा ने उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा और स्वच्छ शहर सरकार के साथ नागरिकों की सहभागिता से ही संभव हैं। उन्होंने लखनऊ को स्वच्छता सर्वेक्षण में भी देश का नंबर-वन शहर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button