मऊ में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शर्मा द्वारा शुभारंभ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने रविवार देर शाम मऊ जनपद में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया।

प्रमुख स्थलों का विकास

उन्होंने बलिया मोड़ तिराहा स्थित पटेल उपवन में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के आसपास हुए विकास कार्यों, गाजीपुर तिराहा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण, बस स्टैंड स्थित स्व. अलगू राय शास्त्री की प्रतिमा स्थल तथा मिर्ज़ाहादीपुर चौक पर लगाए गए ट्राई कलर मिरर एवं कॉलम लाइट का उद्घाटन किया।

नागरिक सुविधाओं पर जोर

मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि मऊ शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। प्रमुख चौराहों, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का योजनाबद्ध तरीके से विकास एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर वातावरण और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थल मिल सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुविधा-सहूलियत के लिए विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

महापुरुषों को सम्मान

मंत्री ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं शहर के गौरव और प्रेरणा का प्रतीक हैं। इनके आसपास सौंदर्यीकरण से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराने का अवसर भी मिलता है।

आधुनिक शहर की ओर मऊ

शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को आधुनिक, स्वच्छ और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने का अभियान जारी है। मऊ भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और आने वाले समय में यहां और अधिक विकास कार्य दिखाई देंगे।

Related Articles

Back to top button