
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी द्वारा संचालित बृज की रसोई के तत्वावधान में रविवार को आशियाना क्षेत्र में निःशुल्क पौष्टिक भोजन वितरण अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान जरूरतमंद, निराश्रित, श्रमिक और वंचित वर्ग के लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ सम्मान और अपनत्व का भाव भी दिया गया।
संस्था के संस्थापक विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ केवल भूख मिटाना नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति को सम्मान और अपनत्व का एहसास कराना है। बृज की रसोई का संकल्प है कि समाज में कोई व्यक्ति भूखा न रहे। उन्होंने कहा कि समाज की छोटी-सी सहभागिता भी किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
दीपक भुटियानी ने बताया कि स्वयंसेवकों ने संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ भोजन वितरित किया। संजय श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे अभियान समाज में सहयोग, संवेदना और सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं। विकास पाण्डेय ने जरूरतमंदों के चेहरों पर दिखाई देने वाली संतुष्टि को अभियान की वास्तविक उपलब्धि बताया।
आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि बृज की रसोई किसी पर उपकार नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के प्रति सामाजिक दायित्व निभाने का प्रयास है। अनुराग दुबे ने अभियान में सहयोग करने वाले नागरिकों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया।

अभियान में सी.एच. त्रिपाठी, अश्वनी कुमार वाली, जालिम सिंह, जगदीश सिंह, उमाशंकर यादव, बलवंत सिंह, मुकेश कनौजिया, अखिलेश सिंह, गोविन्द सिंह, सुनीता सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
