पश्चिम मध्य रेल : 3-फेज विद्युत इंजनों में टूल बॉक्स लॉकिंग व्यवस्था का सरल और किफायती सुधार

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेल में रेल परिचालन को सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रभावी बनाने के लिए लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 3-फेज विद्युत इंजनों में लोको पायलट द्वारा उपयोग किए जाने वाले टूल बॉक्स की लॉकिंग व्यवस्था में सरल एवं उपयोगी सुधार किया गया है।

महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर के निर्देशन में यह सुधार कोटा मंडल स्थित तुगलकाबाद इलेक्ट्रिक लोको शेड में किया गया। यहां टूल बॉक्स में लगी पारंपरिक अलग लॉक और चाबी की व्यवस्था को बटन लिवर चाबी (BL Key) से संचालित लॉक से बदल दिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत लोको पायलट को टूल बॉक्स के लिए अलग चाबी रखने की आवश्यकता नहीं होगी। वह अपनी BL Key से ही टूल बॉक्स को खोल और बंद कर सकेगा। इससे कार्य संचालन में सुविधा के साथ-साथ उपकरणों की सुरक्षा भी बढ़ेगी और अनधिकृत पहुंच की संभावना कम होगी।

इस सुधार को लागू करने के लिए मौजूदा टूल बॉक्स में केवल लॉक बदला गया है, जिससे यह व्यवस्था सरल, विश्वसनीय और लागत प्रभावी बनी है। पश्चिम मध्य रेल के अनुसार, ऐसे नवाचार संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ रेल परिचालन की सुरक्षा और कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

Related Articles

Back to top button