बीबीएयू में 11वें दीक्षांत समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल सम्पन्न, कुलपति ने लिया तैयारियों का जायजा

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में 11वें दीक्षांत समारोह-2026 के आयोजन से पूर्व शुक्रवार 28 अगस्त 2026 को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। समारोह को व्यवस्थित, अनुशासित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित इस रिहर्सल में विद्यार्थियों ने निर्धारित दीक्षांत परिधान में सहभागिता की। इस दौरान समारोह की विभिन्न प्रक्रियाओं का अंतिम अभ्यास किया गया तथा व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियों को परखा गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के आवागमन, बैठने की व्यवस्था, मंच तक पहुंचने की प्रक्रिया, उपाधि एवं पदक प्राप्त करने के क्रम सहित कार्यक्रम से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं आयोजन टीम को निर्देशित किया कि मुख्य समारोह के दौरान प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित समय एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाए।

रिहर्सल के दौरान विद्यार्थियों को उनके निर्धारित स्थान, प्रवेश एवं निकास मार्ग, मंचीय प्रक्रिया तथा उपाधि एवं पदक ग्रहण करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही समारोह के विभिन्न चरणों के बीच समन्वय को भी परखा गया, ताकि 29 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

बीबीएयू का 11वां दीक्षांत समारोह शनिवार 29 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह दीक्षांत समारोह वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 के उत्तीर्ण विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। समारोह में विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान करने के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं अन्य सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर दीक्षांत समारोह से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई है।

विद्यार्थियों से आग्रह है कि वे समारोह में आने से पूर्व विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देशों को अवश्य देखें। वेबसाइट पर संबंधित विद्यार्थियों के लिए निर्धारित वेन्यू, रिपोर्टिंग/प्रवेश समय, कार्यक्रम से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं अन्य दिशा-निर्देश उपलब्ध हैं।

फुल ड्रेस रिहर्सल के माध्यम से मुख्य समारोह के लिए सभी प्रमुख व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि 29 अगस्त को आयोजित होने वाला 11वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों के लिए सुव्यवस्थित एवं स्मरणीय अवसर बने तथा समारोह की गरिमा एवं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा के अनुरूप सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हों।

Related Articles

Back to top button