
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / वाराणसी : रामायण रिसर्च काउंसिल के तत्वावधान में गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती पर आयोजित होने वाले ‘रामायणी सम्मान-2026’ के लिए पूरे देश से चयनित 28 विभूतियों में कालीचरण इण्टर कॉलेज लखनऊ के वाणिज्य शिक्षक डॉ. हरि प्रकाश श्रीवास्तव ‘अवधी हरि’ का भी चयन किया गया है। उन्हें यह सम्मान आगामी 19 अगस्त को ‘तुलसी जयंती’ के अवसर पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय स्थित ‘मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र’ में आयोजित सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।
ग़ज़ल, गीत, दोहा,छंद,मुक्तक आदि कई विधाओं काव्य सृजन करने वाले डॉ. अवधी हरि आध्यात्मिक सर्जना के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं।अब तक उनकी कुल मिलाकर 53 कृतियाँ प्रकाशित हो चुकी हैं जिनमें 48 आध्यात्मिक कृतियाँ हैं, जिनमें लगभग तीन दर्जन कृतियाँ विभिन्न देवी-देवताओं की संस्कृत की स्तुतियों के हिन्दी काव्य में भावानुवाद की हैं, जिसके लिए कुछ माह पूर्व उनका नाम ‘गोल्डन बुक आफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज किया गया है।
