
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्रो. नरेंद्र कुमार को एक बार पुनः अनुसंधान राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (ANRF) के अंतर्गत पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान (Earth & Atmospheric Sciences) विषय की तकनीकी कार्यक्रम समिति (Technical Program Committee–TPC) का सदस्य नामित किया गया है। यह विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है तथा प्रो. नरेंद्र कुमार की वैज्ञानिक विशेषज्ञता एवं अनुसंधान उत्कृष्टता का राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण सम्मान है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने प्रो. कुमार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनकी इस उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिये गौरव का विषय बताया।
एएनआरएफ देश में अनुसंधान, नवाचार एवं उद्यमिता को नई दिशा प्रदान करने वाली शीर्ष (Apex) संस्था है, जिसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करना तथा वैश्विक स्तर पर भारत की अनुसंधान क्षमता को सुदृढ़ बनाना है। हाल ही में एएनआरएफ द्वारा एडवांस्ड रिसर्च ग्रांट (Advanced Research Grant–ARG) कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। यह एक अत्यंत प्रतिस्पर्धी अनुदान योजना है, जिसका उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अग्रणी क्षेत्रों में उच्च प्रभाव वाले मौलिक (Basic) एवं अनुप्रयुक्त (Applied) अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है। इस योजना के अंतर्गत शोधकर्ताओं एवं वैज्ञानिकों को अत्याधुनिक एवं नवोन्मेषी अनुसंधान के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
एआरजी योजना के अंतर्गत प्राप्त अनुसंधान प्रस्तावों के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं वैज्ञानिक मूल्यांकन के लिए एएनआरएफ ने देशभर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को सम्मिलित करते हुए विभिन्न विषयों की तकनीकी कार्यक्रम समितियों (TPC) का गठन किया है। पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान विषय की इस समिति के सदस्य के रूप में प्रो. नरेंद्र कुमार अनुसंधान प्रस्तावों का तकनीकी मूल्यांकन करेंगे तथा अपनी अनुशंसाएँ एएनआरएफ को प्रस्तुत करेंगे। यह समिति अधिकतम ₹5 करोड़ तक की वित्तीय सहायता तथा अधिकतम पाँच वर्ष की अवधि वाले अनुसंधान प्रस्तावों का तकनीकी परीक्षण एवं मूल्यांकन करने के लिए अधिकृत है।
प्रो. नरेंद्र कुमार का यह चयन पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट अनुसंधान, विशेषज्ञता एवं उल्लेखनीय योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। साथ ही, यह बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ की अनुसंधान उत्कृष्टता को प्राप्त राष्ट्रीय पहचान का भी प्रतीक है।
इस अवसर पर विभाग के सभी संकाय सदस्यों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों ने प्रो. नरेंद्र कुमार को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी तथा भारतीय वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचार को सुदृढ़ बनाने में उनके सफल योगदान की कामना की ।
