पहल न्यूट्रिशन फूड सप्लीमेंट शोरूम पर शुक्रवार शाम, बाइक सवार 3 बदमाशों ने फायरिंग की और भाग गए

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बहालगढ़ : एनएच-44 पर बहालगढ़ चौक स्थित पहल न्यूट्रिशन फूड सप्लीमेंट शोरूम पर शुक्रवार शाम को बाइक सवार 3 बदमाशों ने फायरिंग की और भाग गए। फायरिंग से वहां हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में इस वारदात की जिम्मेदारी कथित तौर पर रणदीप मलिक व अनिल पंडित यूएसए ने ली है, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। इससे पहले फूड सप्लीमेंट कारोबारी से दो माह पहले विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 2 करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम को बाइक पर सवार होकर आए तीन युवक शोरूम के अंदर पहुंचे। उन्होंने काउंटर पर बैठे मैनेजर रोहित जैन को एक पर्ची थमाई और इसके बाद हथियार निकालकर गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि गोली नहीं चली। इसके बाद बदमाश बाहर आए और शोरूम के शीशे पर फायर कर मौके से भाग गए। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मामले की सूचना के बाद डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान, बहालगढ़ थाना प्रभारी महेश, हरियाणा एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंची। इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।

घटना के कुछ समय बाद फेसबुक पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए पहल न्यूट्रिशन पर नकली उत्पाद बेचने और युवाओं की सेहत से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया गया। पोस्ट रणदीप मलिक की आईडी से डाली गई है। जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी रणदीप मलिक व अनिल पंडित यूएसए ने ली है, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया गया है। दावा किया गया कि शोरूम संचालकों ने कथित तौर पर रोहित गोदारा को फिरौती दी है।

Related Articles

Back to top button