
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन में एवं रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीआरबी एवं सीईओ) के निर्देशानुसार सोमवार 20 जुलाई, 2026 को “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के अंतर्गत वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर एक साथ व्यापक स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के अंतर्गत आजमगढ़, वाराणसी सिटी, बनारस, बलिया, भटनी, छपरा, देवरिया सदर, मऊ, सीवान एवं प्रयागराज रामबाग सहित इनके अधीन आने वाले स्टेशनों पर पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधन (EnHM) विभाग के नेतृत्व में स्वच्छता कर्मियों एवं रेलवे कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैलियाँ निकाली गईं। रैली के माध्यम से यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता अपनाने तथा रेलवे परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश दिया गया।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसरों, प्लेटफॉर्मों, प्रतीक्षालयों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा रेल कोचों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही सार्वजनिक उद्घोषणाओं, जन-जागरूकता संदेशों एवं प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से यात्रियों को स्टेशन परिसर में कचरा न फैलाने तथा गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए हरे एवं नीले डस्टबिन का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
“स्वच्छता से स्वागत” अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में स्वच्छता के मानकों में उल्लेखनीय सुधार लाना तथा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। अभियान के क्रियान्वयन एवं प्रगति की नियमित रूप से उच्च स्तर पर निगरानी की जा रही है, जिससे निर्धारित स्वच्छता मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ रेलवे परिसर का निर्माण जनसहयोग से ही संभव है। उन्होंने सभी से रेलवे परिसर में गंदगी न फैलाने तथा निर्धारित डस्टबिन का ही उपयोग करने का आग्रह किया।

रेलवे कर्मचारियों, स्वच्छता कर्मियों तथा यात्रियों की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वाराणसी मंडल स्वच्छ, सुंदर, पर्यावरण-अनुकूल एवं यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियानों का निरंतर आयोजन करता रहेगा।
