पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का शुभारंभ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में सूचना प्रबंधन को आधुनिक, प्रभावी एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह के नेतृत्व में सोमवार मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के स्वागत द्वार पर स्थापित डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की गरिमामयी उपस्थिति में महिला टेक्नीशियन श्रीमती संयोगिता कुमारी तथा जूनियर इंजीनियर रमाशंकर सिंह यादव ने संयुक्त रूप से फलक का अनावरण कर डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन के उपरांत मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का अवलोकन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक के माध्यम से सूचना का त्वरित, सटीक एवं प्रभावी संप्रेषण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस डिजिटल डिस्प्ले पैनल के माध्यम से मंडल में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों, अभियानों, उपलब्धियों, महत्वपूर्ण प्रशासनिक सूचनाओं तथा जनहित से जुड़े संदेशों का नियमित प्रदर्शित किया जाएगा। इससे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कार्यालय में आने वाले आगंतुकों को अद्यतन जानकारी सहज, आकर्षक एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने आगे कहा कि अब मंडल कार्यालय के स्वागत द्वार पर विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए पारंपरिक स्टैंडी एवं पोस्टरों के स्थान पर डिजिटल डिस्प्ले सूचना पैनल का उपयोग किया जाएगा। इससे सूचना प्रसारण अधिक प्रभावी होने के साथ-साथ कागज की खपत में कमी आएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (समन्वय) यशवीर सिंह ने बताया कि यह डिजिटल सूचना पैनल आधुनिक तकनीक से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से आवश्यक सूचनाओं का त्वरित अद्यतन एवं प्रदर्शन संभव होगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सूचना एवं संचार व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, स्मार्ट एवं डिजिटल बनाने हेतु इस प्रकार के नवाचार निरंतर किए जाते रहेंगे।

यह पहल भारतीय रेल के डिजिटलीकरण, स्मार्ट कार्यालय व्यवस्था एवं प्रभावी सूचना प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, कार्यकुशलता तथा सूचना प्रसारण की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और वाराणसी मंडल की आधुनिक कार्य संस्कृति को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Back to top button