प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम मध्य रेल के ब्योहारी, साँची, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी एवं गंगापुर सिटी का उद्घाटन किया

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार 17 जुलाई 2026 को जालंधर (पंजाब) से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 20 राज्यों में स्थित 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस लोकार्पण कार्यक्रम में वीडियो कांफ्रेंसिंग से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह जुड़े रहे। लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ये स्टेशन विश्व के सबसे बड़े स्टेशन पुनर्विकास कार्यक्रमों में शामिल हैं। “विरासत भी, विकास भी” की भावना पर आधारित इन स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय संस्कृति, विरासत एवं आधुनिक वास्तुकला के समन्वय के साथ किया गया है, जिससे प्रत्येक स्टेशन को उसकी विशिष्ट पहचान प्राप्त हुई है।

पश्चिम मध्य रेलवे के अंतर्गत मध्य प्रदेश के ब्योहारी, साँची, विदिशा, अशोकनगर एवं शिवपुरी तथा राजस्थान के गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन आधुनिक स्वरूप में विकसित किये गए हैं। इन स्टेशनों के पुनर्विकास पर ब्योहारी (₹20 करोड़), साँची (₹15 करोड़), विदिशा (₹29 करोड़), अशोकनगर (₹22 करोड़), शिवपुरी (₹22 करोड़) तथा गंगापुर सिटी जंक्शन (₹25 करोड़) सहित कुल 133 करोड़ रुपये से अधिक की लागत व्यय की गई है।

आधुनिक वास्तुशिल्प, अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं तथा दिव्यांगजन-अनुकूल अधोसंरचना से सुसज्जित ये स्टेशन अब क्षेत्रीय विकास, पर्यटन संवर्धन तथा आधुनिक भारतीय रेलवे की नई पहचान के रूप में स्थापित होंगे।

स्थानीय स्तर पर भी आयोजित हुए भव्य समारोह : पश्चिम मध्य रेल के पुनर्विकसित साँची, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, गंगापुर सिटी एवं ब्योहारी अमृत भारत स्टेशनों के लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित हुए। समारोह का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ, जिनमें स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियाँ देकर क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचय कराया। कार्यक्रम के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया गया। इसके पश्चात माननीय प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का राष्ट्र को समर्पित किया।

भोपाल मंडल: साँची में राज्यपाल, मध्यप्रदेश मंगुभाई पटेल, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी एवं विधायक सुरेन्द्र पटवा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विदिशा में राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल एवं विधायक मुकेश टंडन तथा अशोकनगर में केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रेलवे प्रशासन की ओर से महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेलवे दिलीप कुमार सिंह, मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। शिवपुरी में विधायक देवेन्द्र कुमार जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।

जबलपुर मंडल: ब्योहारी में उपमुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश राजेन्द्र शुक्ल, सांसद डॉ. राजेश मिश्र, विधायक जुगलाल कोल सहित स्थानीय प्रशासन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। रेलवे प्रशासन की ओर से मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजी. (सम.) राहुल जयपुरियार एवं अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी समारोह में उपस्थित रहे।

कोटा मंडल : गंगापुर सिटी में कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता मंत्री (प्रभारी, सवाई माधोपुर) राजस्थान सरकार गौतम कुमार दक ने की। समारोह में सांसद हरीश चंद्र मीणा, विधायक रामकेश मीणा, प्रधान पंचायत समिति श्रीमती मंजू गुर्जर, निवर्तमान सभापति शिवरतन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेशन : स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय संस्कृति एवं आधुनिक वास्तुकला के समन्वय को केंद्र में रखकर किया गया है। नई डिज़ाइन अवधारणा ने स्टेशनों को आकर्षक, विशिष्ट एवं सांस्कृतिक पहचान प्रदान की है, जिससे आगंतुकों को प्रथम दृष्टि में ही संबंधित क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का अनुभव होता है।

पुनर्विकास के अंतर्गत स्टेशन भवनों को आधुनिक स्वरूप प्रदान करते हुए यात्री सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। प्लेटफॉर्मों पर नए एवं विस्तृत शेड, आरामदायक बैठने की व्यवस्था तथा उच्च गुणवत्ता वाली सतह विकसित की गई है। यात्रियों को त्वरित एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड एवं अत्याधुनिक पब्लिक एड्रेस सिस्टम स्थापित किए गए हैं।

बेहतर यात्रा अनुभव के लिए समग्र विकास : स्टेशन परिसरों के सर्कुलेटिंग एरिया का सुव्यवस्थित विकास एवं सौंदर्यीकरण किया गया है। पार्किंग व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। इसके अतिरिक्त आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, शुद्ध पेयजल, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाओं का विस्तार कर यात्रा को अधिक सुरक्षित, सहज एवं आरामदायक बनाया गया है।

प्लेटफॉर्मों के मध्य सुगम आवागमन के लिए 12 मीटर चौड़े आधुनिक फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट एवं एस्केलेटर की व्यवस्था की गई है।

दिव्यांगजन-अनुकूल एवं पर्यावरण हितैषी स्टेशन : सुगम एवं समावेशी रेल यात्रा की अवधारणा को साकार करते हुए स्टेशनों को पूर्णतः दिव्यांगजन-अनुकूल बनाया गया है। इसके अंतर्गत रैंप, टैक्टाइल पाथ एवं अन्य आवश्यक सुगम्यता सुविधाएँ विकसित की गई हैं। साथ ही ऊर्जा दक्ष एलईडी प्रकाश व्यवस्था स्थापित कर स्टेशन परिसरों को सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल एवं ऊर्जा-कुशल बनाया गया है।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति : अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित ये स्टेशन अब केवल रेल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार, स्थानीय अर्थव्यवस्था एवं सामाजिक-आर्थिक विकास के नए केंद्र के रूप में उभरेंगे। आधुनिक अवसंरचना एवं स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के साथ ये स्टेशन संबंधित क्षेत्रों के लिए एक नए प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

17 जुलाई 2026 का यह उद्घाटन समारोह पश्चिम मध्य रेलवे के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण साबित हुआ है, जो भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधा विस्तार एवं विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा प्रदान करेगा।

Related Articles

Back to top button