
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : समृद्ध अतीत, ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य की नगरी मध्य प्रदेश का शिवपुरी रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अब एक नए आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है जो विरासत से विकास तक की प्रगतिशील यात्रा का एक पर्याय है ।
पश्चिम मध्य रेल के अंतर्गत आने वाले शिवपुरी रेलवे स्टेशन के विकास में स्थानीय कला व संस्कृति की झलक के साथ आधुनिकता, यात्री सुविधाओं और सुगमता का पूरा ध्यान रखा गया है।
शिवपुरी रेलवे स्टेशन अनेकों स्थानों को तो जोड़ता ही है साथ ही एक महत्वपूर्ण पर्यटक स्थल भी है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शिवपुरी रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण एवं आधुनिकीकरण के काम में लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित किया गया है।
योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक, सुविधायुक्त एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने हेतु विभिन्न विकास कार्य किये गये हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार एवं सौंदर्यीकरण का कार्य, प्लेटफॉर्म पर कवर ओवर शेड की व्यवस्था और शेड विस्तार का कार्य भी किया गया है। स्टेशन के अग्रभाग एवं आंतरिक हिस्सों को अपग्रेड करते हुए उन्हें आधुनिक स्वरूप दिया गया है। बेहतर यात्री सुविधाओं की दिशा में नए प्रतीक्षालय और शौचालय का निर्माण एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्टेशन पर नए फुट ओवर ब्रिज के साथ नए स्टेशन भवन का निर्माण भी किया गया है, जो भव्य, आधुनिक व आकर्षक है
बुकिंग काउंटर पहले से अब बेहतर और सुविधाजनक हो गए हैं। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए स्टेशन को ‘दिव्यांगजन अनुकूल’ बनाया गया है, जिसके अंतर्गत रैंप, टैक्टाइल पाथ एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही सुरक्षित आवागमन हेतु स्टेशन परिसर में बेहतर प्रकाश की व्यवस्था की गई है, जो स्टेशन को एक आकर्षक स्वरूप भी प्रदान करती है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नया शिवपुरी रेलवे स्टेशन बदलते भारत की एक नई तस्वीर है। यह स्टेशन न सिर्फ बेहतर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और बदलाव का प्रतीक है बल्कि स्थानीय प्रगति, पर्यटन और आवागमन को एक नई रफ्तार के साथ आगे बढ़ाएगा।