झांसी के केजीबीवी में महानिदेशक मोनिका रानी ने किया पौधरोपण, एससीईआरटी लखनऊ में भी चला हरित अभियान

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान-2026 में बेसिक शिक्षा विभाग ने उल्लेखनीय सहभागिता दर्ज कराते हुए प्रदेशभर के परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, ब्लॉक संसाधन केंद्रों तथा अन्य शैक्षणिक परिसरों में 12 लाख पौधे रोपे। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं वृक्षारोपण महाअभियान-2026 की नोडल अधिकारी मोनिका रानी ने झांसी के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, टपरियन, विकास खंड बबीना में छात्राओं और शिक्षकों के साथ पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण को जनभागीदारी का अभियान बनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सभी विद्यालयों में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक विद्यार्थी को पर्यावरण संरक्षण का सहभागी बनाने पर जोर दिया।

राजधानी लखनऊ स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) में निदेशक गणेश कुमार एवं संयुक्त निदेशक (एसएसए) डॉ. पवन कुमार सचान ने पौधरोपण कर हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती दी। निदेशक गणेश कुमार ने कहा कि प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में रोपे गए 12 लाख पौधे केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि यह नई पीढ़ी में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। हमारा लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे को संरक्षित कर हरित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करना है। संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग पर्यावरण संरक्षण को विद्यालयी गतिविधियों का अभिन्न हिस्सा बनाते हुए विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

Related Articles

Back to top button