
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, आगरा / लखनऊ : ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के अवसर पर रविवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आगरा के शास्त्रीपुरम स्थित डी-ब्लॉक में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत मुख्य अतिथि के रूप में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण अब जन आंदोलन बन चुका है। “एक पेड़ मां के नाम’ अभियान मातृत्व के प्रति श्रद्धा और धरती माँ के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि योगी सरकार के 35 करोड़ पौधरोपण महाअभियान में उच्च शिक्षा विभाग के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं संस्थानों ने 20 लाख पौधे रोपकर अपनी भूमिका निभाई है। पर्यावरण संरक्षण को स्थायी अभियान बनाने के लिए हर परिसर में रोपे गए पौधों की जियो-टैगिंग और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।