‘महाप्रभु जगन्नाथ’ के ट्रेलर लॉन्च ने रचा इतिहास, 10 हजार श्रद्धालुओं के बीच हुआ भव्य अनावरण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : गहरी आस्था और आधुनिक सिनेमाई कला के अद्भुत संगम का साक्षी बना कटक, जब बहुप्रतीक्षित एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ का आधिकारिक ट्रेलर पूज्य इंद्रेश जी महाराज के करकमलों द्वारा भव्य रूप से लॉन्च किया गया। यह ऐतिहासिक अवसर उनकी जारी श्रीमद्भागवत कथा के दौरान आया, जहां 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति में फिल्म का ट्रेलर प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही यह भारत की किसी भी एनीमेशन फिल्म का अब तक का सबसे बड़ा फिजिकल ट्रेलर लॉन्च बन गया।

जैसे ही विशाल स्क्रीन पर ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ की झलकियां सामने आईं, पूरा वातावरण “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। यह केवल एक ट्रेलर लॉन्च नहीं था, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा और आधुनिक एनीमेशन तकनीक के अद्भुत मिलन का एक ऐतिहासिक क्षण था।

‘महाप्रभु जगन्नाथ’ भगवान जगन्नाथ पर आधारित भारत की पहली पैन-इंडिया थियेट्रिकल एनिमेटेड फिल्म है। विश्वस्तरीय एनीमेशन के माध्यम से यह फिल्म भारतीय संस्कृति और सनातन विरासत को बच्चों के लिए रोचक, रोमांचक और सहज रूप में प्रस्तुत करती है। ट्रेलर में भक्ति, एकता और विश्वास जैसे सनातन मूल्यों को आकर्षक दृश्यात्मक शैली में पिरोया गया है, जो विशेष रूप से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगा। साथ ही, इसमें भगवान जगन्नाथ और उनके भक्तों के बीच के स्नेहपूर्ण, करुणामयी और आत्मीय संबंध को बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है।

ट्रेलर लॉन्च के दौरान 10 हजार श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व प्रतिक्रिया को लेकर फिल्म के निर्माता और एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक दुर्गा प्रसाद दलई ने कहा, “दस हजार लोगों को एक साथ भक्ति में डूबकर हमारे ट्रेलर को देखते हुए देखना शब्दों से परे अनुभव है। यह प्रतिक्रिया साबित करती है कि जब हम अपनी समृद्ध भारतीय विरासत को विश्वस्तरीय एनीमेशन के साथ प्रस्तुत करते हैं, तो वह बच्चों से लेकर परिवार के हर सदस्य के दिल को छूती है। हमने यह फिल्म इसलिए बनाई है ताकि हमारी अगली पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ी रहे और उसे एक रोमांचक, भव्य और मनोरंजक अनुभव के रूप में देख सके। अब हम इस दिव्य ऊर्जा को कथा के पंडाल से पूरे देश के सिनेमाघरों तक ले जाने के लिए तैयार हैं।”

दुर्गा प्रसाद दलई द्वारा निर्मित और एले एनिमेशंस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी यह महत्वाकांक्षी पैन इंडिया फिल्म, पोगो चैनल के लोकप्रिय शो ‘जय जगन्नाथ’ की अपार सफलता के बाद एक और बड़ा कदम है। फिल्म का निर्देशन श्रीपाद वारखेडकर ने किया है, जबकि इसकी पटकथा और संवाद पल्लवी शर्मा ने लिखे हैं। वहीं, अविरल कुमार का भावपूर्ण और भक्ति से ओतप्रोत संगीत इस दिव्य कथा को और भी प्रभावशाली बनाता है।

श्रीमद्भागवत कथा में मिले अभूतपूर्व प्यार और भव्य ट्रेलर लॉन्च के बाद अब ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ 10 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में हिंदी, ओड़िया और तेलुगु भाषाओं में रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Related Articles

Back to top button