ग्रामोदय विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति के अंतर्गत जागरूकता एवं योग कार्यक्रम आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय परिसर में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

गर्ल्स हॉस्टल में संपन्न कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य समिति के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच तथा संतुलित जीवनशैली के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही छात्राओं को नियमित एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाने हेतु शपथ भी दिलाई गई।

इसी श्रृंखला में कला संकाय भवन में योग, ध्यान एवं प्राणायाम सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान योग एवं ध्यान के माध्यम से मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

डॉ. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है। नियमित योग, ध्यान एवं प्राणायाम न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने में भी सहायक हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विश्वविद्यालय परिसर में सकारात्मक, स्वस्थ एवं तनावमुक्त शैक्षणिक वातावरण का निर्माण करना था। इस अवसर पर मानसिक स्वास्थ्य कार्यकम और छात्र कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रो नन्द लाल मिश्रा, छात्रावास अधीक्षक प्रो. वंदना पाठक मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button