
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गुरुग्राम : शहर के व्यस्त बाजार स्थित छोटू स्वीट्स पर शुक्रवार दोपहर 3 बजे बाइक सवार युवकों ने पर्ची रखकर 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी और नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने 2 घंटे में ही इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 3 बजे छोटू स्वीट्स संचालक हन्नी सपड़ा अपने दुकान पर थे। उसी समय बाइक सवार दो युवक वहां पर आए। उसमें से एक बाइक से उतरा और दुकान के कर्मचारी को पर्ची दी। उसने पर्ची मालिक को देने के लिए कहा तो वह मेज पर पर्ची छोड़कर भाग गए। जब दुकान मालिक हन्नी ने पर्ची पढ़ी तो उसमें लिखा था- लाला, 50 लाख की फिरौती है, एक दिन का टाइम है, बाकी काम मेरा है। पर्ची में बासु उर्फ अनुराग और हिमांशु नाम लिखे थे।
इसके बाद हन्नी सपड़ा ने तुरंत व्यापार संगठन के प्रधान को सूचना दी और पुलिस को सूचना दी इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी विनोद शंकर और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की।
मामला संज्ञान में आते ही एसपी अमित यशवर्धन और पुलिस प्रशासन ने तुरंत टीमों को सक्रिय किया। सीआईए नारनौंद की टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के बल पर 2 आरोपियों को दबोच लिया। उनकी पहचान अनुराग और हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल इनसे गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि इस साजिश के पीछे के असल उद्देश्यों का पता लगाया जा सके।