
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ की वरिष्ठ शिक्षिका प्रो. सुनीता मिश्रा को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं अकादमिक योगदान के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिष्ठित ‘गोमती गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया है। वहीं, विश्वविद्यालय के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. राजश्री पाण्डेय को अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित 43वें छठ महापर्व के सांस्कृतिक आयोजन में सहभागिता और शानदार प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने दोनों शिक्षिकाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रो. सुनीता मिश्रा की उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है। उनका शैक्षणिक अनुभव, शोध के प्रति समर्पण और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रो. राजश्री पाण्डेय की सांस्कृतिक सहभागिता की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व के सांस्कृतिक आयोजन में प्रस्तुति के लिए प्रो. पाण्डेय को किया सम्मानित
प्रो. सुनीता मिश्रा होम साइंस विषय में पीएचडी और डी.लिट. की उपाधि प्राप्त शिक्षाविद् एवं शोधकर्ता हैं। उन्हें शिक्षण और शोध के क्षेत्र में 34 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह बीबीएयू के स्कूल ऑफ होम साइंसेज की डीन सहित कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक दायित्व निभा चुकी हैं। उन्होंने राजस्थान के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर की कुलपति के रूप में भी सेवाएं दी हैं। खाद्य एवं पोषण, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।
वहीं, प्रो. राजश्री पाण्डेय ने 43वें छठ महापर्व के सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी मनमोहक प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय और राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश राय ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कुलपति ने कहा कि अकादमिक उपलब्धियों के साथ कला, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों में शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी विश्वविद्यालय की समृद्ध पहचान को मजबूत करती है।

