
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : दीपावली के पर्व पर लोगों को दुर्घटनाओं, आगजनी, आंखों की चोट, खाद्य पदार्थों में मिलावट और वायु प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से फार्मासिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने वर्चुअल बैठक के माध्यम से जनजागरूकता अपील जारी की। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी अपनाकर दीपावली को सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल बनाया जा सकता है।

यादव ने नागरिकों से अपील की कि पटाखे केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से खरीदें और खुले एवं सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं। बच्चों को पटाखे अकेले न जलाने दें तथा उन्हें हमेशा वयस्कों की निगरानी में रखें। पटाखे जलाते समय पानी और रेत की बाल्टी पास रखें। फटे या न फटे पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें।

उन्होंने बताया कि जलने पर प्रभावित स्थान को लगभग 20 मिनट तक साफ, ठंडे बहते पानी से ठंडा करें। बर्फ, टूथपेस्ट, घी या तेल न लगाएं। आंखों में पटाखे का कण जाने पर आंख को न रगड़ें और साफ पानी से धोकर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।

हृदय रोगियों, अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों, बुजुर्गों तथा बच्चों को पटाखों के धुएं एवं ध्वनि प्रदूषण से विशेष रूप से बचाने की जरूरत है। सांस लेने में परेशानी या सीने में दर्द होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लें।

खाद्य पदार्थों की शुद्धता के संबंध में उन्होंने प्रतिष्ठित दुकानों से मिठाइयां खरीदने, एफएसएसएआई लाइसेंस तथा पैकेट पर निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि जांचने की सलाह दी। संदिग्ध खाद्य पदार्थों का सेवन न करें और मिलावट की शिकायत खाद्य सुरक्षा विभाग से करें।
यादव ने सरकारी अस्पतालों में भी विशेष तैयारियां रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपातकालीन दवाओं, ऑक्सीजन, ड्रेसिंग सामग्री, एम्बुलेंस, बर्न यूनिट और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने सभी फार्मासिस्टों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से दीपावली के दौरान सतर्क रहने और आमजन को जागरूक करने का आह्वान करते हुए कहा कि सुरक्षित दीपावली ही खुशहाल दीपावली है।
