
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल का प्रमुख एवं अत्यंत व्यस्त गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिक स्वरूप में विकसित होकर यात्रियों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। आधुनिक वास्तुशिल्प, विश्वस्तरीय यात्री सुविधाओं तथा दिव्यांगजन-अनुकूल अधोसंरचना से सुसज्जित यह स्टेशन अब क्षेत्रीय विकास, पर्यटन और आधुनिक भारतीय रेलवे की नई पहचान बनेगा।
गंगापुर सिटी जंक्शन का पुनर्विकास लगभग रूपये 25 करोड़ की लागत से किया गया है। स्टेशन पुनर्विकास से जुड़े सभी निर्धारित कार्य पूर्ण हो चुके हैं। नवीन सुविधाओं से युक्त यह स्टेशन यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही, यह क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा।

पुनर्विकास के अंतर्गत लगभग 555 वर्गमीटर क्षेत्र में स्टेशन भवन का विस्तार एवं नवीनीकरण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए 3 नए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, 4 आधुनिक शौचालय ब्लॉक, लगभग 10,000 वर्गमीटर में विकसित सर्कुलेटिंग एरिया तथा सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तैयार की गई है।
स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों को जोड़ने हेतु 12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज निर्मित किया गया है। इसके अतिरिक्त लगभग 960 वर्गमीटर क्षेत्र में नए प्लेटफॉर्म शेल्टर तथा लगभग 12,000 वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य पूर्ण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट एवं एस्केलेटर भी स्थापित किए गए हैं, जिससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं अन्य यात्रियों को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी।

स्टेशन को पूर्णतः दिव्यांगजन-अनुकूल बनाया गया है। इसके अंतर्गत रैंप, टैक्टाइल पाथ, पृथक पार्किंग, दिव्यांग-अनुकूल शौचालय एवं पेयजल सुविधा, व्हीलचेयर, हेल्प बूथ तथा सुगम पहुंच मार्ग विकसित किए गए हैं। इसके अलावा आधुनिक साइनेज, ट्रेन सूचना बोर्ड, कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म घड़ियां भी स्थापित की गई हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सूचना एवं मार्गदर्शन उपलब्ध होगा।
पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन स्टेशन की प्रमुख विशेषताएं:-
- आकर्षक एवं आधुनिक स्टेशन भवन तथा भव्य फसाड।
- तीन नए वातानुकूलित प्रतीक्षालय एवं चार आधुनिक शौचालय ब्लॉक।
- लिफ्ट एवं एस्केलेटर सहित 12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवर ब्रिज।
- सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया एवं पृथक पार्किंग सुविधा।
- पूर्णतः दिव्यांगजन अनुकूल अधोसंरचना।
- आधुनिक साइनेज, ट्रेन सूचना बोर्ड एवं कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम।
पुनर्विकसित गंगापुर सिटी जंक्शन रेलवे स्टेशन यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा देगा। आगामी लोकार्पण समारोह कोटा मंडल एवं गंगापुर सिटी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर होगा।
