पश्चिम मध्य रेल – 80वॉं स्वतंत्रता दिवस समारोह : महाप्रबंधक ने किया रेलवे स्टेडियम में ध्वजारोहण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : संपूर्ण पश्चिम मध्य रेलवे में 80वॉं स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह रेलवे स्टेडियम जबलपुर में आयोजित किया गया जहाँ महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह द्वारा राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम्” गायन और ध्वजारोहण किया गया एवं राष्ट्रगान हुआ । रेलवे सुरक्षा बल, सेंट जोन्स एम्बुलेंस एवं स्काउट गाइड के बच्चों ने मार्च पास्ट परेड किया। रेल सुरक्षा बल बैण्ड द्वार प्रस्तुत देशभक्ति गीतों की धुनों ने सभी के मन को राष्ट्रप्रेम की भावना से जाग्रत किया। इस अवसर पर समारोह में पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती ऋचा सिंह एवं महिला कल्याण संगठन की अन्य सदस्याएं तथा विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक जबलपुर, रेल अधिकारीगण, रेल सुरक्षा बल के जवान, एवं कर्मचारी, बड़ी संख्या में रेलवे स्कूलों के बच्चें तथा परिजन उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने अपने संदेश वाचन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के सभी रेल कर्मचारियों, अधिकारियों एवं उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने सन्देश में कहा कि आज का दिन उन सभी वीर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा महापुरूषों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान की यादों को जीवंत करने का दिन है। भारतीय रेल का देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस विकास यात्रा में पश्चिम मध्य रेल ने भी रेल नेटवर्क के विस्तार, नई लाइनों के निर्माण, आधुनिक ट्रेनों का संचालन, स्टेशन पुनर्विकास तथा यात्री सुविधाओं का आधुनिकीकरण करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रधानमंत्री द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 75 रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पश्चिम मध्य रेल के 06 स्टेशनों का लोकार्पण किया गया। पश्चिम मध्य रेल को ‘‘अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार‘‘ समारोह-2026 के लिए चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ केयर शील्ड” प्रदान करने हेतु चयनित किया गया है।

वर्ष 2026 के दौरान पश्चिम मध्य रेल ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। जिसमें माल यातायात में 36.90 मिलियन टन की लोडिंग की गई है। जबलपुर मंडल के कटनी-बीना रेलखंड में करहिया भदौली नया गुड्स शेड प्रारंभ किया गया है। अधोसंरचना में 91 किमी. नई लाईन एवं दोहरीकरण/तिहरीकरण के कार्य संपन्न किये जा चुके हैं। साथ ही 22 आरओबी एवं 46 एलएचएस स्थापित किये गये हैं तथा 92 पुलों का पुनरूद्धार किया जा चुका है।

यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी करना हमेशा से पश्चिम मध्य रेल की प्राथमिकता रही है। 06 जोड़ी नई ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ, 01 जोड़ी ट्रेन का विस्तार एवं 13 स्टेशनों पर 17 जोड़ी ट्रेनों के ठहराव प्रदान किये गये हैं तथा पश्चिम मध्य रेल से प्रारंभ होने वाली 64 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों द्वारा कुल 412 फेरे लगाये गये हैं। विभिन्न स्टेशनों पर 06 लिफ्ट, 09 एस्केलेटर तथा 620 सीसीटीवी कैमरों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन हमेशा की तरह इस वर्ष भी अपने कल्याणकारी कार्यों से प्रेरणादायक सिद्ध हुआ है। संगठन द्वारा संचालित ‘‘जागृति‘‘ सेंटर में अनाश्रित बच्चों के पालन-पोषण के साथ-साथ उन्हें बेहतर शिक्षा सुविधायें प्रदान की जा रही हैं। संगठन द्वारा महिला दिवस के अवसर पर 15 उत्कृष्ट महिला कर्मचारियों एवं मई दिवस पर 15 उत्कृष्ट कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मैं, संगठन को उनके द्वारा किये गये कल्याणकारी कार्यों के लिए धन्यवाद देता हूँ।

उन्होंने प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों, स्काउट एवं गाइड, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन एंबुलेंस एवं मान्यता प्राप्त यूनियन को उनके सकारात्मक सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय के प्रांगण में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस. डी. पाटीदार द्वारा राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम्” गायन और ध्वजारोहण किया गया एवं राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर मुख्य कार्मिक अधिकारी/आईआर अजय कुमार दीक्षित सहित मुख्यालय कार्मिक विभाग के रेल अधिकारियों एवं रेल कर्मचारियों ने भाग लिया।

जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मण्डलों में मण्डल रेल प्रबन्धकों द्वारा ध्वजारोहण किया गया।

Related Articles

Back to top button