
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने भोपाल रेल मंडल का सघन दौरा कर विभिन्न यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन तथा मंडल कार्यालय में बुनियादी ढांचा विकास कार्यों की उच्चस्तरीय विधिक समीक्षा की।
नवनिर्मित आधुनिक रनिंग रूम का आगाज़
दौरे के दौरान रूपये 1.12 करोड़ की भारी लागत से तैयार लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर के नवनिर्मित अत्याधुनिक रनिंग रूम भवन की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने विश्राम गृह में ड्यूटी पर तैनात रनिंग स्टाफ से सीधा आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों से उनके कार्य की कठिन प्रकृति, उपलब्ध विश्राम सुविधाओं तथा विशेष रूप से दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और शुद्धता के संबंध में जमीनी राय जानी। उन्होंने मेस प्रबंधकों को भोजन में शत-प्रतिशत स्वच्छता और पौष्टिकता बनाए रखने के कड़े निर्देश जारी किए।
आगामी त्योहारों के लिए होल्डिंग एरिया का निरीक्षण
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने भोपाल रेलवे स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी दीपावली व छठ त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की होने वाली संभावित अतिरिक्त भीड़ से निपटने के लिए स्टेशन परिसर में विशेष रूप से तैयार किए जा रहे ‘होल्डिंग एरिया’ का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सुगम आवाजाही और भीड़ प्रबंधन के विधिक सुरक्षा उपायों को पुख्ता करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात, उन्होंने विश्वस्तरीय रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया व यात्री आवागमन मार्गों का भी निरीक्षण कर सुविधाओं को और अधिक उत्कृष्ट बनाने को कहा।
इस उच्चस्तरीय प्रशासनिक निरीक्षण के दौरान भोपाल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेन्द्र बघेल, अपर मंडल रेल प्रबंधक अभिराम खरे तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित मंडल के सभी प्रमुख तकनीकी व वाणिज्यिक शाखाधिकारी मुस्तैदी से उपस्थित रहे।