
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (UG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए प्रवेश विवरणिका (UG Prospectus) जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति द्वारा अनुमोदित इस विवरणिका के अनुसार 14 जुलाई, 2026 से समर्थ (Samarth) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ होगा। प्रवेश प्रक्रिया कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) की मेरिट के आधार पर सम्पन्न की जाएगी।
विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बीबीएयू के बारे में बताते हुए कहा कि बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय आज अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार एवं छात्र-केंद्रित शिक्षण वातावरण के कारण देश के अग्रणी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। साथ ही NAAC A++ मान्यता, NIRF में देशभर में 37वीं रैंकिंग, आधुनिक अधोसंरचना, हरित एवं समावेशी परिसर तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम हमारी प्रमुख ताकत हैं। उन्होंने बताया कि हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें नवाचार, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए भी तैयार करना है। उन्होंने कहा कि हमारा विश्वास है कि बीबीएयू में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण के साथ व्यक्तित्व विकास, अनुसंधान, नवाचार और उज्ज्वल भविष्य के व्यापक अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से आह्वान किया कि वे प्रवेश विवरणिका का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर निर्धारित समय के भीतर समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण करें और इस प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय का हिस्सा बनें।
एडमिशन सेल कमेटी के अध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष विश्वविद्यालय के 27 स्नातक पाठ्यक्रमों में कुल 1528 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इनमें लखनऊ परिसर के 20 पाठ्यक्रमों में 958 सीटें तथा अमेठी सैटेलाइट परिसर के 7 पाठ्यक्रमों में 570 सीटें शामिल हैं। प्रवेश विवरणिका में सभी पाठ्यक्रमों की पात्रता, सीटों की संख्या, शुल्क, आरक्षण, आवश्यक दस्तावेज एवं प्रवेश प्रक्रिया का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया गया है। साथ ही अभ्यर्थियों को बी.ए. (ऑनर्स) पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, बी.कॉम (ऑनर्स), बीबीए (ऑनर्स), बीबीए एलएलबी (ऑनर्स), बी.एससी., बी.टेक सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययन का अवसर मिलेगा। पंजीकरण एवं आवेदन शुल्क से संबंधित विस्तृत अधिसूचना विश्वविद्यालय द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी।
बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान, नवाचार एवं समावेशी शिक्षा व्यवस्था के कारण देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शामिल है। विश्वविद्यालय को NAAC द्वारा A++ ग्रेड प्राप्त है, जबकि NIRF में विश्वविद्यालय श्रेणी में 37वाँ स्थान हासिल हुआ है। विषयवार रैंकिंग में विधि 12वाँ, फार्मेसी 23वाँ, हॉर्टिकल्चर 21वाँ तथा प्रबंधन 79वाँ स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है।
विश्वविद्यालय की विशेषताओं में ISO 14001:2015 प्रमाणित ग्रीन कैंपस, समृद्ध जैव विविधता, पंचकोश आधारित शिक्षण प्रणाली, हॉबी क्लब, “उम्मीद” होलिस्टिक वेलबीइंग पहल, विशिष्ट व्याख्यान श्रृंखला, उद्योग-अकादमिक सहयोग, समानता एवं समावेशिता आधारित शिक्षण वातावरण तथा आधुनिक अधोसंरचना शामिल हैं, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करती हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.bbau.ac.in/ का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें।
