
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय पूर्व मंत्री मंगलवार अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय रामपुर पहुंचकर विश्वविद्यालय गेट पर प्रदेश की उप्र सरकार के इशारे पर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किये जाने के निर्णय के विरोध में धरनारत छात्रों, शिक्षकों से मिले। इस मौके पर योगी सरकार के इस शिक्षा और शिक्षण संस्थान विरोधी असंवैधानिक एवं लोकतांत्रिक कदम पर रोष व्यक्त किया।
उन्होने गेट पर छात्रों, शिक्षकों का मनोबल बढ़ाया एवं सोमवार रामपुर के कमिश्नर द्वारा भवनों के ध्वस्तीकरण पर फिलहाल रोक लगाये जाने के निर्णय पर वहां पर मौजूद छात्रों और शिक्षकों को मिठाई खिलाकर उनके द्वारा विश्वविद्यालय को बचाने के लिए किये जा रहे संघर्ष और पुनीत कार्य की सराहना की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय इसके उपरान्त पूर्व विधायक संजय कपूर एवं रामपुर के जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व स्थानीय कांग्रेसजनों के साथ पूर्व मंत्री मो0 आजम खां की पत्नी पूर्व सांसद श्रीमती तंजीम फातिमा से मुलाकात की और मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी ताकत के साथ मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को बचाने के लिए संकल्पित है और मो0 आजम खां व उनके परिवार के साथ खड़ी है और खड़ी रहेगी।

इस मौके पर उन्होने कहा कि जैसे ही रामपुर विकास प्राधिकरण का निर्णय आया कि विश्वविद्यालय के 38 भवनों को गिराया जाएगा, तत्काल उन्होने मीडिया के माध्यम से इसका पुरजोर विरोध करते हुए सड़क से सदन तक संघर्ष करने का ऐलान किया और प्रदेश की महामहिम राज्यपाल को पत्र भी लिखा।
उन्होने कहा कि यह विश्वविद्यालय महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी, पत्रकार और शिक्षाविद् मौलाना मोहम्मद अली जौहर के नाम पर यह विश्वविद्यालय स्थापित है। उन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनके नाम से जुड़े विश्वविद्यालय का संरक्षण केवल एक शैक्षणिक परिसर की रक्षा नहीं बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम की उस गौरवशाली विरासत का सम्मान है, जिसने शिक्षा को राष्ट्रीय जागरण का सबसे प्रभावी माध्यम बनाया। उन्होने कहाकि केवल अपने व्यक्तिगत दुराग्रहपूर्ण रवैये के चलते प्रदेश की योगी सरकार मो0 आजम खां द्वारा कराये गये इस विश्वविद्यालय को मिटाना चाहती है और बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पूर्व सांसद श्रीमती तंजीम फातिमा को विश्वास दिलाया कि कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय को बचाने के लिए पूरी ताकत के साथ उनके परिवार के साथ है।