

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली एवं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रोडक्शन ओरिएंटेड चिल्ड्रन्स थिएटर वर्कशॉप-2026 का समापन समारोह एवं बाल रंगमंचीय नाटक “शबरी के राम” का मंचन 17 जून 2026 को अपराह्न 2 बजकर 30 मिनट से महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय, चित्रकूट स्थित बाल्मीकि सभागार में आयोजित किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि सतना लोकसभा क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रति शंकर त्रिपाठी करेंगे।
विशिष्ट अतिथि महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक चौबे तथा चित्रकूट के जिला कलेक्टर पुलकित गर्ग होंगे।
कार्यशाला निदेशक मुस्कान गोस्वामी के सक्रिय और प्रभावी नेतृत्व में लगभग एक माह तक चली इस कार्यशाला में बच्चों को अभिनय, संगीत, नृत्य, वॉइस एंड स्पीच, चित्रकला, मंच सज्जा एवं व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कार्यशाला के दौरान बच्चों ने रंगमंच की विभिन्न विधाओं का अभ्यास करते हुए अपनी रचनात्मक क्षमता, संवाद कौशल और आत्मविश्वास का विकास किया।
समापन अवसर पर प्रस्तुत होने वाला नाटक “शबरी के राम” प्रसिद्ध लेखक अंश पायन सिन्हा की रचना पर आधारित है। नाटक की परिकल्पना एवं निर्देशन सुप्रसिद्ध रंगकर्मी मुस्कान गोस्वामी ने स्वयं किया है।
अदिति गुप्ता सहायक निदेशक, अमित दीक्षित रामजी संगीत संयोजन, प्रवीण चोरगड़े एवं दिव्यांशु कार्यशाला समन्वय तथा अदिति जोशी वेशभूषा संयोजन का दायित्व निभा रहे हैं।
नाटक भगवान श्रीराम और माता शबरी की भक्ति, प्रेम, समर्पण तथा सामाजिक समरसता के संदेश को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
यह प्रस्तुति भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और लोक परंपराओं को बाल कलाकारों के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास है।

कार्यशाला की निदेशक मुस्कान गोस्वामी ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि में बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, मंचीय अभिव्यक्ति तथा नेतृत्व क्षमता का उल्लेखनीय विकास हुआ है।
उन्होंने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, स्थानीय प्रशासन, अभिभावकों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के रजिस्ट्रार प्रदीप कुमार मोहंती तथा निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के कला प्रेमियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर बाल कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।

पत्रकार वार्ता भी आयोजित होगी
कार्यशाला निदेशक मुस्कान गोस्वामी ने बताया कि शुभारंभ अवसर (17 जून 2026अपराह्न 2 बजकर 30 मिनट) पर ग्रामोदय विश्वविद्यालय के बाल्मीकि सभागार में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया है, उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया के बंधुओ को पत्रकार वार्ता में शामिल होने का भी अनुरोध किया है।




