श्रद्धा आर्या ने बताया जिंदगी में अपनों की अहमियत, बोलीं- जो पास है उसकी कद्र करें

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : टेलीविजन अभिनेत्री श्रद्धा आर्या इन दिनों अपने नए शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने पति राहुल नागल के साथ शादी की पांचवीं सालगिरह मनाई। इस खास मौके पर अभिनेत्री ने परिवार की कुछ खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिनमें उनके जुड़वां बच्चे भी नजर आए। इसके कुछ दिनों बाद शो के लॉन्च कार्यक्रम में श्रद्धा ने फराह खान के साथ बातचीत के दौरान मातृत्व के बाद आए बदलावों और जिंदगी के प्रति अपने नजरिए को साझा किया।

श्रद्धा ने बताया कि मां बनने के बाद उन्हें अपनी नई जिंदगी की दिनचर्या के साथ तालमेल बिठाने में थोड़ा समय लगा। इस दौरान कभी-कभी उन्हें अपनी पुरानी जिंदगी की कुछ बातें याद आती थीं। हालांकि, बच्चों के जन्म के करीब दो साल बाद अब वह जिंदगी के ऐसे दौर में हैं, जहां उन्हें महसूस होता है कि उनके पास जो कुछ है, वह पर्याप्त और अनमोल है। उन्होंने कहा, “जो आपके पास है, उसकी कद्र कीजिए, उसके बारे में बात कीजिए और जो छूट गया, उसकी फिक्र मत कीजिए।”

शो में श्रद्धा का किरदार जानकी भी इसी विचार को खूबसूरती से प्रस्तुत करता है। शादी के 20 साल बाद जानकी के लिए उसका पति मानव (गौरव खन्ना) और परिवार ही सबसे बड़ा निवेश है। वह परिवार के साथ बिताए खुशहाल पलों को अपने निवेश का असली रिटर्न मानती है।

हालांकि, जानकी के मन में अपने अधूरे सपनों को लेकर कुछ कसक भी है। उसे कभी अपना फैशन लेबल शुरू न कर पाने और गायकी को गंभीरता से न अपनाने का अफसोस होता है। इसके बावजूद परिवार को साथ देखकर उसे अपनी जिंदगी पूरी लगती है।

‘दिल की बेवफाइयाँ’ का प्रसारण 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस पर होगा। दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकेंगे।

Related Articles

Back to top button