बीबीएयू में एक वर्षीय एलएल.एम. (2026-27) में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ, 22 जुलाई तक दस्तावेज़ ई-मेल से भेजने होंगे

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के सेंटर ऑफ पोस्ट ग्रेजुएट लीगल स्टडीज़ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एक वर्षीय एलएल.एम. पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु विस्तृत अधिसूचना जारी की गई है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, एक वर्षीय एलएल.एम. कार्यक्रम में प्रवेश अंतिम मेरिट के आधार पर किया जाएगा, जिसमें 70 प्रतिशत अंक प्रवेश परीक्षा तथा 30 प्रतिशत अंक स्टेटमेंट ऑफ पर्पज़ (SoP), कार्यानुभव (इंटर्नशिप) एवं शोध प्रकाशनों के आधार पर प्रदान किए जाएंगे।

कार्यानुभव के लिए अधिकतम 10 अंक निर्धारित किए गए हैं, जिसमें राष्ट्रीय आयोग (National Commission) में इंटर्नशिप करने पर 5 अंक तथा राज्य आयोग (State Commission) में इंटर्नशिप करने पर 3 अंक प्रदान किए जाएंगे। शोध प्रकाशन के लिए भी अधिकतम 10 अंक निर्धारित हैं, जिसके अंतर्गत स्कोपस (Scopus) सूचीबद्ध अंतरराष्ट्रीय जर्नल अथवा ई-जर्नल में प्रकाशित प्रत्येक शोधपत्र पर 8 अंक, पीयर रिव्यूड अथवा यूजीसी केयर (UGC Care) सूचीबद्ध राष्ट्रीय जर्नल या ई-जर्नल में प्रकाशित प्रत्येक शोधपत्र पर 5 अंक तथा आईएसबीएन (ISBN) युक्त पुस्तक अथवा पुस्तक अध्याय में प्रकाशित प्रत्येक शोध पर 4 अंक दिए जाएंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को स्कोपस इंडेक्स, पीयर रिव्यूड, यूजीसी केयर सूची अथवा आईएसबीएन से संबंधित प्रमाण भी प्रस्तुत करना होगा। वहीं, स्टेटमेंट ऑफ पर्पज़ (SoP) के लिए अधिकतम 10 अंक निर्धारित किए गए हैं। यह प्रक्रिया यूजीसी के एक वर्षीय एलएल.एम. कार्यक्रम संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप होगी।

प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के पास 3 वर्षीय अथवा 5 वर्षीय एलएल.बी. की डिग्री होना अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक, जबकि एससी/एसटी/दिव्यांग (PwD) अभ्यर्थियों के लिए 45 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। विश्वविद्यालय की प्रवेश नीति 2026-27 के अनुसार कुल सीटों में 50 प्रतिशत सीटें एससी/एसटी वर्ग, 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस (EWS) तथा 5 प्रतिशत दिव्यांग (PwD) अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी। आरक्षण विश्वविद्यालय के प्रचलित नियमों के अनुसार लागू होगा। एससी/एसटी वर्ग के अंतर्गत रिक्त रहने वाली सीटें आपस में इंटरचेंजेबल होंगी। यदि दो या अधिक अभ्यर्थियों के अंतिम अंक समान होते हैं, तो इंटर-से मेरिट का निर्धारण उनके एलएल.बी. (अर्हता) परीक्षा के अंकों के आधार पर किया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को निर्देशित किया है कि वे प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.bbau.ac.in/ नियमित रूप से देखें तथा 30 प्रतिशत मूल्यांकन हेतु आवश्यक दस्तावेज़ 22 जुलाई, 2026 को सायं 6:00 बजे तक admissioncpgls26@gmail.com पर ई-मेल करें।

विश्वविद्यालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेज़ उपलब्ध कराने तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button