16 कोच वंदे भारत चेयर कार ट्रेन सेट का कोटा मंडल में तकनीकी ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, कोटा : भारतीय रेल की अत्याधुनिक यात्री सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तहत 16 कोच वाली वंदे भारत चेयर कार ट्रेन सेट (आरसीएफ/अल्सटॉम/वेबटेक) के कोटा मंडल में निर्धारित सभी तकनीकी परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गए।

ट्रायल के दौरान पैंटोग्राफ करंट कलेक्शन टेस्ट के अंतर्गत ईएन-50317 मानक के अनुसार कॉन्टेक्ट वायर अपलिफ्ट का मापन किया गया। इसके लिए अरनेठा स्टेशन पर विशेष परीक्षण उपकरण स्थापित किए गए थे। अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) के पावर सप्लाई एवं ईएमयू निदेशालय की विशेषज्ञ टीम ने परफॉर्मेंस, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली सहित सभी तकनीकी परीक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किए।

ट्रायल के दौरान कोटा मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्कृष्ट समन्वय, तकनीकी दक्षता तथा प्रभावी सहयोग का परिचय दिया, जिससे सभी परीक्षण निर्धारित समय-सीमा में सुचारू रूप से संपन्न हो सके। परीक्षण दल ने कोटा मंडल की कार्यकुशलता एवं समर्पित सहयोग की सराहना करते हुए मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button