
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : पूर्वोत्तर रेलवे मंडल चिकित्सालय द्वारा रेल कर्मचारियों के साथ-साथ संविदा सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और कुशलता के लिए ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत एक विशेष स्वास्थ्य जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया । यह शिविर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के कुशल निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ० आर. जे. चौधुरी के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
बेल्थरा रोड में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर की कमान रेलवे स्वास्थ्य केंद्र (मऊ) के वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ० पुनीत राव ने संभाली। उनके नेतृत्व में आई विशेष चिकित्सा टीम द्वारा कुल 23 रेल कर्मचारियों एवं संविदा सफाई कर्मियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कर्मचारियों के स्वास्थ्य हितों को ध्यान में रखते हुए शिविर में लिपिड प्रोफाइल, ब्लड शुगर, रक्तचाप (बीपी), हीमोग्लोबिन तथा ऑक्सीजन स्तर की आधुनिक तकनीकों से वैज्ञानिक जाँच की गई। इस दौरान जिन कर्मचारियों में असामान्य लक्षण पाए गए, उन्हें डॉ० पुनीत राव और उनकी टीम द्वारा नि:शुल्क औषधियाँ वितरित की गईं। साथ ही, उन्हें नियमित व्यायाम, उचित पोषण तथा संतुलित दिनचर्या अपनाने का परामर्श दिया गया। चिकित्सा विभाग की इस कल्याणकारी पहल को रेल परिवार और सफ़ाई मित्रों ने काफी सराहा।
