उत्तर पश्चिम रेलवे में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान संपन्न; जीएम पंकज शर्मा ने रोपे पौधे, 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान 6.0

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे (उपनरे) में “स्वच्छता ही सेवा” राष्ट्रीय अभियान के समापन के साथ ही आगामी स्वच्छता पखवाड़े और विशेष स्वच्छता अभियान की रूपरेखा तय कर ली गई है। उपनरे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए तथा सभी रेल अधिकारियों व कर्मचारियों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई। इसके साथ ही, उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत प्रधान कार्यालय जयपुर में पौधारोपण कर हरित पर्यावरण का संदेश दिया।

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चला जन-आंदोलन
“स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की मुख्य थीम पर आयोजित इस पखवाड़े के दौरान जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर मंडलों के स्टेशनों, रेलगाड़ियों, कॉलोनियों तथा कारखानों में सघन सफाई की गई। इस दौरान “स्वच्छ पाठशाला”, “स्वच्छ स्टेशन”, “कचरे का पृथक्करण”, “प्लास्टिक को ना” (Say No to Plastics) तथा “सफाई मित्र सुरक्षा सम्मान शिविर” जैसे विभिन्न जन-भागीदारी आधारित कार्यक्रमों से यात्रियों को जागरूक किया गया।

विशेष अभियान 6.0 में साइबर स्वच्छता और ई-कचरे पर रहेगा फोकस
महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बताया कि 1 से 15 अक्टूबर तक मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत स्टेशनों, बेस किचन, पेंट्री कार, प्रतीक्षालयों (वेटिंग एरिया) और रेल पटरियों की डीप क्लीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही, 2 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले ‘स्पेशल अभियान 6.0’ के अंतर्गत विभागीय कार्यालयों में स्थान प्रबंधन, सौंदर्यीकरण तथा ई-कचरे (E-Waste) के प्रभावी संग्रहण व वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस दौरान सभी लंबित जन शिकायतों, फाइलों की समीक्षा और अपीलों के समयबद्ध विधिक निस्तारण की कार्रवाई भी मुस्तैदी से पूरी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button