ज्योतिषाचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा की पत्नी स्मिता मिश्रा कांग्रेस में शामिल; अजय राय बोले- यह प्रदेश में बदलाव का संकेत

अशोक यादव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में, देश के प्रमुख एवं प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य इंदु प्रकाश मिश्रा की धर्मपत्नी व प्रख्यात समाजसेविका श्रीमती स्मिता मिश्रा जी ने अपने दर्जनों सहयोगियों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह कदम उठाया।

शीर्ष नेतृत्व की नीतियों में जताया गहरा विश्वास
श्रीमती स्मिता मिश्रा और उनके साथियों ने कांग्रेस की राष्ट्रीय नीतियों तथा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व—अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख श्रीमती सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी के प्रति अपना अटूट विश्वास व्यक्त किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आधिकारिक ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने श्रीमती स्मिता मिश्रा व उनके साथ आए सभी प्रबुद्ध समाजसेवियों को विधिवत रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता की शपथ दिलाई और अंगवस्त्र पहनाकर संगठन में उनका स्वागत किया।

बौद्धिक वर्ग का जुड़ाव परिवर्तन की लहर: अजय राय
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय ने नव-निर्वाचित सदस्यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज के प्रबुद्ध और बुद्धिजीवी वर्ग का कांग्रेस पार्टी के साथ लगातार जुड़ना इस बात का साक्ष्य है कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी दिनों-दिन मजबूत हो रही है और यह बढ़ता हुआ जनाधार आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से उखाड़ फेंकने में मुख्य भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Back to top button