पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर “बाह्य ऑडिट प्रक्रिया 5S प्रमाणन” हेतु गोष्ठी आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : कार्यालयों की स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं अभिलेखों के रखरखाव को उत्तम करने के उददे्श्य हेतु बुधवार पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम महेन्द्र सिंह के निर्देशन तथा मंडल यांत्रिक इंजीनियर/ईएनएचएम विजय प्रताप आर्या की उपस्थिति में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में ’बाह्य आडिट प्रक्रिया 5S प्रमाणन’ हेतु एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मण्डल कार्यालय के विभिन्न विभागों के मुख्य कार्यालय अधीक्षकों निरीक्षकों, सीनियर सेक्शन इंजीनियर्स तथा रेलवे अधिकारियों ने भाग लिया। इस गोष्ठी के दौरान 5S प्रमाणन हेतु कार्यप्रणाली के विभिन्न आयामों छंटाई, सुव्यवस्था, स्वच्छता, मानकीकरण तथा आत्मानुशासन विषय के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही कार्यालयों में फाइलों एवं अभिलेखों के उचित रखरखाव, कार्यस्थल की स्वच्छता, संसाधनों के उचित उपयोग तथा बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

गोष्ठी में वर्ष 2015 में पेरिस में आयोजित वैश्विक सम्मेलन में लगभग 198 देशों द्वारा वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस के भीतर सीमित रखने हेतु लिए गए संकल्पों तथा वर्ष 2021 में ’ग्लासगो’ में आयोजित ’कॉप’-26 सम्मेलन में प्रधानमंत्री द्वारा घोषित “पंचामृत” संकल्पों के अनुपालन के संबंध में उप निदेशक विकास श्रीवास्तव, जी. सी. कंसल्टेंसी सर्विसेस तथा ए. के. श्रीवास्तव द्वारा विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, स्वच्छ कार्यस्थल एवं सतत विकास के प्रति रेलवे की जिम्मेदारी पर प्रकाश डालते हुए 5S प्रमाणन प्रणाली को एक प्रभावी प्रबंधन पद्धति बताया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपनी जिज्ञासाएं एवं सुझाव भी प्रस्तुत किए गये।
इस अवसर पर सहायक वित्त प्रबन्धक डी.के. सिंह, सहायक कार्मिक अधिकारी रंजीत कुमार तथा विवेक प्रकाश, एसएसई/ईएनएचएम की सक्रिय सहभागिता रही।

Related Articles

Back to top button