
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांस गोमती की ओर से विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए विभिन्न प्रकार की खेलकूद सामग्री एवं आधुनिक उपकरणों का वितरण किया गया ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने रोटरी क्लब की इस अनूठी पहल की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया । उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों के समग्र एवं सर्वांगीण विकास में खेलकूद की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। खेल छात्रों के भीतर अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा आपसी सहयोग की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। कुलपति ने रेखांकित किया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए केवल विश्वविद्यालय के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसमें बाहरी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों का सहयोग भी अत्यंत आवश्यक है।
इस गरिमापूर्ण अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, प्रो. के.एल. महावर और डॉ. मनोज कुमार डडवाल उपस्थित रहे । वहीं रोटरी क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन पूर्वी मित्तल, पूर्व अध्यक्ष डॉ. पंकज मित्तल, कोषाध्यक्ष इला गंभीर और सुमित मित्तल सहित कई सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने खेल सामग्रियां विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपीं ।